क्राईम न्यूज संवाददात कुमार प्रवीण सेन, भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा), जिला भीलवाड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा की अध्यक्षता में एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर 11 अक्टूबर 2026 को नवरात्र स्थापना के दिन निर्धारित प्रथम निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन करने की मांग की। साथ ही पंचायत चुनाव के दौरान निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर प्रदान करने की मांग भी उठाई।
नवरात्र स्थापना के दिन प्रशिक्षण से धार्मिक आयोजनों में होगी परेशानी ।
जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी ने बताया कि नवरात्र स्थापना भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर अनेक परिवारों में घट स्थापना, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण दिन निर्वाचन प्रशिक्षण निर्धारित होने से शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों को धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने में असुविधा हो सकती है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि कार्मिकों की धार्मिक भावनाओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रथम निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन किया जाए तथा प्रशिक्षण किसी अन्य सुविधाजनक दिन आयोजित किया जाए।
पंचायत चुनाव में कार्मिकों को मतदान का अवसर देने की मांग ।
महासंघ ने पंचायत चुनाव के दौरान निर्वाचन ड्यूटी में लगे कार्मिकों के मतदान अधिकार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ईश्वर सिंह चौधरी ने बताया कि पंचायत चुनाव विभिन्न चरणों में आयोजित होते हैं। ऐसे में यदि किसी कार्मिक की स्वयं की पंचायत में जिस चरण में मतदान होना है, उसी दौरान उसकी ड्यूटी लगाई जाती है, तो उसके लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करना मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित कार्मिकों की ड्यूटी अन्य पंचायत अथवा अन्य खंड में निर्धारित की जाए, ताकि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी तय करते समय कार्मिकों के मतदान अधिकार और उनकी व्यावहारिक सुविधाओं का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
जिला निर्वाचन अधिकारी से उचित निर्णय लेने का आग्रह ।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा), जिला भीलवाड़ा ने जिला निर्वाचन अधिकारी से दोनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने का आग्रह किया। संगठन का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन के साथ-साथ कार्मिकों की धार्मिक भावनाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विनोद झंवर, अजीत सिंह, राजेंद्र शर्मा, प्रेम शंकर व्यास, दिनेश शर्मा, सत्यनारायण मंत्री एवं महेश मंडोवरा उपस्थित रहे।
कुमार प्रवीण सेन | भीलवाड़ा

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ