शारदीय नवरात्रि में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन, जोधपुर के प्रसिद्ध रामायणी संत अर्जुनराम जी महाराज करेंगे व्यास पीठ से मानस कथा का वाचन
क्राईम न्यूज संवाददाता कुमार प्रवीण सेन भीलवाड़ा 10 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर धर्मनगरी भीलवाड़ा में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बनेगा। श्री सीताराम रामायण मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में सीतारामजी की बावड़ी पर नौ दिवसीय श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण का आयोजन 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान रामचरितमानस की पावन चौपाइयों के वाचन से क्षेत्र का वातावरण राममय होगा तथा श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
समिति के कैलाश नुवाल ने बताया कि नवाह्न पारायण प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से 10 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन में जोधपुर के प्रसिद्ध रामायणी एवं मानस मर्मज्ञ संत अर्जुनराम जी महाराज व्यास पीठ पर विराजमान होकर रामचरितमानस का पारायण करेंगे। संतश्री के सान्निध्य में श्रद्धालु रामकथा के आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
शारदीय नवरात्रि में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट करने के साथ ही भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। रामचरितमानस में वर्णित आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्य के संदेश श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रेरणा प्रदान करेंगे।
समिति की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से नवाह्न पारायण में सहभागी बनकर प्रभु श्रीराम की भक्ति का लाभ लेने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ