“महिला सशक्त होगी, तभी राष्ट्र सशक्त होगा” – पल्लवी लड्ढा
क्राईम न्यूज प्रधान सम्पादक कुमार प्रवीण सेन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) जिला भीलवाड़ा के तत्वावधान में जिला महिला सम्मेलन सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीलवाड़ा में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में जिलेभर से संगठन की महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला महिला मंत्री शारदा विश्नोई, संयुक्त मंत्री सीमा लोहार एवं निर्मला सुखवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
सम्मेलन के प्रथम सत्र में संयोजिका मंजू कुमावत ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, रीति-नीति एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षक हितों के साथ शिक्षा की गुणवत्ता, सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में राष्ट्रवाद की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी भी दी।
द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता एवं लघु उद्योग भारती की अध्यक्ष पल्लवी लड्ढा ने महारानी पद्मिनी एवं नारी स्वाभिमान विषय पर विचार व्यक्त करते हुए महारानी पद्मिनी को नारी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने शिक्षिकाओं से संस्कारवान भावी पीढ़ी के निर्माण तथा बच्चों में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक महिला सशक्त होगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।
मुख्य अतिथि सुशीला लड्ढा, चित्तौड़ प्रांत बौद्धिक प्रमुख ने वर्तमान समय में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने कार्यक्षेत्र के साथ पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में संतुलन बनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने कहा कि महिला सम्मेलन जैसे आयोजन शिक्षिकाओं को सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इनके माध्यम से आपसी संवाद, संगठनात्मक एकता, नेतृत्व क्षमता एवं कार्य करने का उत्साह बढ़ता है। उन्होंने जिले की अधिकाधिक महिला शिक्षिकाओं को संगठन से जोड़ने तथा प्रत्येक खंड में महिला इकाई को सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने संगठन के ध्येय वाक्य “राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक एवं शिक्षक हित में समाज” को साकार करने के लिए सभी से संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महिला उपाध्यक्ष नीता रावत ने किया तथा कल्पना जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के समापन के पश्चात संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष सुरेश बडवा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश शैक्षिक सम्मेलन एवं शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन में महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता के साथ महिला सशक्तिकरण, संगठनात्मक मजबूती एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ