Type Here to Get Search Results !

भीलवाड़ा में 15 नवंबर को होगा जिला महिला सम्मेलन, तैयारियों को लेकर जिला टोली की बैठक संपन्न ।

 



महिला शिक्षकों की शक्ति, सम्मान और संगठनात्मक भूमिका पर होगा मंथन, सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

क्राईम न्यूज प्रधान सम्पादक कुमार प्रवीण सेन भीलवाड़ा अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की ओर से जिला महिला सम्मेलन का आयोजन 15 नवंबर 2026, रविवार को सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीलवाड़ा में किया जाएगा। सम्मेलन में जिले के सभी ब्लॉकों से महिला शिक्षिकाएं भाग लेंगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला टोली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सम्मेलन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अखिल भारतीय सह सचिव सुषमा विश्नोई एवं प्रदेश सह संगठन मंत्री कैलाश चंद्र सुथार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा ने की। बैठक में मंच व्यवस्था, पंजीकरण, स्वागत, भोजन, आवास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मारिका प्रकाशन एवं प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही सभी ब्लॉक टोलियों को अधिकाधिक महिला शिक्षिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया।

अखिल भारतीय सह सचिव सुषमा विश्नोई ने संबोधित करते हुए कहा कि महिला सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला शिक्षकों की शक्ति, संगठन के प्रति समर्पण और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच है। सम्मेलन में महिला शिक्षकों की समस्याओं, सम्मान, सुरक्षा एवं व्यावसायिक उन्नयन जैसे विषयों पर गंभीरता से चर्चा की जाएगी।

प्रदेश सह संगठन मंत्री कैलाश चंद्र सुथार ने कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभानी होगी। उन्होंने संगठन की रीति-नीति, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा ने कहा कि भीलवाड़ा जिला सदैव संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। इस बार भी जिला महिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने निर्धारित समय में सभी तैयारियां पूर्ण करने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत जिला संयुक्त मंत्री (पुरुष) पद पर बसंत पोरवाल तथा जिला संयुक्त महिला मंत्री पद पर सीमा लोहार का सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया।

जिला सह मंत्री विनोद झंवर ने बताया कि सम्मेलन में महिला शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, शिक्षा की वर्तमान स्थिति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, शिक्षकों के हितों एवं संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।

बैठक में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष बनवारी लाल काबरा, महिला मंत्री नीता रावत, सुवाणा अध्यक्ष ओमप्रकाश सुथार, शहर अध्यक्ष संध्या रानी सिंह, जिला महिला संगठन मंत्री कल्पना जैन, संजय शर्मा, प्रेम व्यास, जानकी लाल माली सहित जिले के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने जिला महिला सम्मेलन को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ