Type Here to Get Search Results !

गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलने तक जारी रहेगा अभियान : संत गोपालानंद सरस्वती महाराज



हरि सेवा धाम में गौ सम्मान आह्वान अभियान की जिला बैठक आयोजित, संतों ने गौ संरक्षण के लिए जनजागरण का किया आह्वान ।


    क्राईम न्यूज संवाददाता कूमार प्रवीण सेन भीलवाड़ा। गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को हरि सेवा धाम उदासीन आश्रम में संत-महात्माओं के सानिध्य में जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में संतों, जनप्रतिनिधियों और गौ भक्तों ने गौ संरक्षण के लिए जनजागरण बढ़ाने तथा हस्ताक्षर अभियान को गति देने का संकल्प लिया।


बैठक में ग्वाल संत श्री गोपालानंद सरस्वती महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज, संत प्रकाशानंद, प्रदेश प्रभारी बहादुर सिंह, जैन संत सुरेश मुनि महाराज, संतदास महाराज, पुजारी मुरारी पांडे, संत पुनीतदास, संत रूपानंद सरस्वती, पंडित मथुरादास सहित भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी मंचासीन रहे।


गौ माता की सेवा के लिए आगे आए समाज : संत गोपालानंद महाराज


ग्वाल संत श्री गोपालानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की मूल आधारशिला हैं। श्रीमद्भागवत, गीता और पुराणों में गौ माता की महिमा का वर्णन मिलता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी कृषि, वाणिज्य और गौ संरक्षण को विशेष महत्व दिया। उन्होंने कहा कि गौ माता की दुर्दशा के लिए समाज की उदासीनता भी जिम्मेदार है। प्लास्टिक खाने से गोवंश की मृत्यु और गोवंश को कत्लखानों तक पहुंचाए जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने समाज से गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तक अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस कार्य के लिए धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर प्रत्येक गौ भक्त को समय देना होगा। उन्होंने हस्ताक्षर अभियान के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने तथा सरकार तक गौ संरक्षण की मांग लगातार पहुंचाने पर जोर दिया।


गौ सम्मान मिलने तक जारी रहे जनजागरण : महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज ।


महामंडलेश्वर स्वामी हंसाराम उदासीन महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि गौ सम्मान आह्वान अभियान की शुरुआत 30 दिसंबर को हरि सेवा धाम से हुई थी, जो अब देशभर में जनजागरण का माध्यम बन रहा है। उन्होंने हरि सेवा धाम को अभियान की तपोभूमि बताते हुए कहा कि जब तक गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं मिलता और गोवध पर प्रतिबंध नहीं लगता, तब तक प्रयास जारी रखने होंगे। उन्होंने गौ सेवा को जागृत देवता की सेवा बताते हुए गौ संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

हस्ताक्षर अभियान के साथ गौ माता से भावनात्मक जुड़ाव जरूरी : विधायक कोठारी

भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने संत-महात्माओं और गौ भक्तों को नमन करते हुए कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना और गोहत्या पर रोक लगवाना है। उन्होंने कहा कि गौ माता केवल दृष्टि का नहीं, बल्कि सृष्टि का विषय हैं। हस्ताक्षर अभियान के साथ प्रत्येक व्यक्ति का गौ माता से हृदय से जुड़ना आवश्यक है, तभी गौ संरक्षण की दिशा में स्थायी प्रयास संभव होंगे।

विधायक कोठारी ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 20 करोड़ हस्ताक्षर होने की जानकारी दी गई है। उन्होंने भीलवाड़ा जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए गांवों को गोद लेकर किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उनके अनुसार, वर्तमान में 10 गांव गोद लिए जा चुके हैं और 15 अन्य गांवों को गोद लेने की तैयारी है।

तृतीय चरण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

अभियान के प्रदेश प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम और द्वितीय चरण में 426 के मुकाबले 441 तहसीलों से समर्थन मिलना उत्साहजनक रहा। उन्होंने तृतीय चरण में सक्रिय भागीदारी निभाकर गौ संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

अभियान के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी आदेश सोनी ने गौ भक्तों से 17 दिसंबर तक पूरी तत्परता से अभियान में जुटने तथा गोहत्या जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जनसमर्थन मजबूत करने का आह्वान किया। जैन संत सुरेश मुनि महाराज, हाथीभाटा आश्रम के संतदास महाराज और संत प्रकाशानंद महाराज ने भी अपने आशीर्वचनों में गौ भक्तों से अधिकाधिक समय देकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

जिला समन्वयक सुनील जागेटिया ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का प्रयास भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सभी गौ भक्तों से हस्ताक्षर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और निर्धारित लक्ष्य से अधिक कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। संत पुनीतदास त्यागी ने कहा कि भारत ऋषि और कृषि परंपरा का देश रहा है। गौ माता की सेवा और संरक्षण को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने समाज से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

दीप प्रज्वलन के साथ बैठक का शुभारंभ

बैठक के प्रारंभ में कैलाश जीनगर ने मां भारती और गौ माता पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद संत-महात्माओं और अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल टांक ने किया।

इस दौरान पूर्व उप जिला प्रमुख टी.सी. चौधरी, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, विवेकानंद केंद्र के प्रदेश प्रभारी भगवान सिंह चौहान, चित्तौड़गढ़ के अभियान प्रभारी गौरव सोमानी सहित अनेक गणमान्यजनों का स्वागत किया गया। अभियान के संभाग प्रभारी नंदकिशोर साहू और जिला प्रभारी जगदीश चंद्र तेली ने आभार व्यक्त किया।

बैठक में भगवान सिंह चौहान, कन्हैयालाल स्वर्णकार, विश्वनाथ प्रताप सिंह, देबीलाल गुर्जर, कांतिलाल जैन, आर.डी. चन्नाल, छीतर गेंगट, रजनीकांत आचार्य, गोपीकिशन पाटोदिया, राजेश रांका, शोभालाल जीनगर, दुर्गालाल सोनी, हंसराज यादव, सत्यनारायण गूगड़, संजय राठी, सुंदरलाल बम्बोड़ा, गजेंद्र सिंह राठौड़, हरीश क्षोत्रिय, भंवरलाल खारोल, पार्षद बिलेश्वर डाड, किशोर लखवानी, खुशबू कोठारी, देवेंद्र मेघवंशी, दिनेश सुथार, सम्पत गंधर्व, कमल कोठारी, भाजपा नेत्री निरंजना सोनी, निशा जैन, कैलाश सुवालका, अनिल शर्मा, रचित रांका, विनोद मीणा, पृथ्वीराज चौहान, शांतनु सारस्वत, प्रिंस जैन और अजय पाराशर सहित जिले के विभिन्न तहसीलों से आए प्रभारी, गौ भक्त, कार्यकर्ता एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ